लखनऊः आज तक कई लोकप्रिय जनप्रतिनिधि हुए हैं लेकिन नेता जी के नाम से सिर्फ मुलायम सिंह यादव और आजादी के दीवाने सुभाष चंद्र बोस को ही कहा गया है। रविवार को जिलों से लेकर प्रदेश कार्यालय तक नेता जी का 81वां जन्मदिन मनाया गया। इस अवसर पर अस्पतालों के साथ ही पार्टी दफ्तरों पर गरीबों को फल वितरण के साथ ही ठंड से बचने के लिए कंबल वितरित किये गये। इस मौके पर कार्यकर्ताओं ने मुलायम सिंह यादव जिंदाबाद के नारों से पूरा कार्यालय गूंज उठा।
नेता जी ने अपने जन्म दिन के अवसर पर सपा कार्यकर्ताओं को 2022 विधानसभा चुनाव की जीत का मंत्र दे दिया। मुलायम सिंह यादव ने अपने दो.तीन मिनट के बेहद संक्षिप्त संबोधन में अखिलेश यादव को विधानसभा चुनाव-2022 के लिए जोश बनाए रखने और सबको साथ लेकर चलने का मंत्र दिया। अब अखिलेश यादव अपने पिता और नेता जी के मंत्र पर कितना अमल कर पाते हैं यह तो आने वाला समय बतायेगा।
जन्मदिन समारोह मौके पर पार्टी के एक वरिष्ठ नेता के अनुसार मुलायम सिंह यादव समाजवादी पार्टी को परिवार की तरह चलाने के पक्षधर हैं। नेता जी का मानना है कि समाजवादी पार्टी अगला चुनाव एकजुट होकर लड़े और बेहतर प्रदर्शन करे। नेताजी का मानना है कि परिवार में बिखराव की बड़ी कीमत पार्टी को उठानी पड़ी है और विधानसभा चुनाव के साथ-साथ लोकसभा चुनाव में भी पार्टी की स्थिति खराब रही है। साथ पूर्व मुख्यमंत्री और रक्षा मंत्री मुलायम सिंह यादव को अभी भी भरोसा है कि यदि पार्टी पूरे जोश के साथ मैदान में उतरे तो 2022 में अच्छी सफलता मिलने से कोई रोक नहीं सकता।
उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री, समाजवादी पार्टी के संस्थापक श्री मुलायम सिंह यादव जी को उनके जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं।
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) November 22, 2020
प्रभु श्री राम से आपके उत्तम स्वास्थ्य एवं सुदीर्घ जीवन की कामना करता हूं।
पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और पूर्व लोकनिर्माण एवं सहकारिता मंत्री शिवपाल सिंह यादव दोनों लोगों ने इस मौके पर साथ चलने का संकेत दिया है। अखिलेश यादव ने शिवपाल सिंह यादव के विरोध में सपा उम्मीदवार न उतारने के संकेत दिए हैं। साथ ही कहा है कि प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर शिवपाल सिंह यादव को बड़ी जिम्मेदारी दी जाएगी। उधर शिवपाल सिंह यादव ने भी अपने भतीजे और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश के प्रति काफी नरम होने के संकेत दिए हैं। अब दोनों नेताओं के रूख में बदलाव चुनाव के समय उनके करीब आने का संकेत भी हो सकती है।
मुलायम सिंह यादव ने अपने जन्मदिन पर पार्टी को जो जोश बनाए रखने का मंत्र दिया है, उसे जमीन पर उतारने का लेक्चर पार्टी के प्रोफेसर साहब ही देंगे। माना जा रहा है कि प्रोफेसर साहब का लेक्चर पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और उनके चाचा और पूर्व लोकनिर्माण व सहकारिता मंत्री शिवपाल सिंह यादव के साथ ही पार्टी कार्यकर्ताओं पर बड़ा असर पड़ने की उम्मीद है। साथ नेता जी का दिया हुआ गोरिल्ला दांव विरोधियों को पटकनी देने में जरूर सफलता दिलाएगा। यह गोरिल्ला दांव चलकर नेता जी बड़े-बड़े धुरंधरो को चित कर दिया है। जो आज तक उठने का साहस भी नहीं कर पाए।
जन्मदिन समारोह के मौके पर पार्टी नेता उदय प्रताप सिंह, माता प्रसाद पांडेय, बलराम सिंह यादव, राजेंद्र प्रसाद चौधरी, अहमद हसन और नरेश उत्तम पटेल, सुनील सिंह यादव, राजपाल कश्यप, मनीष यादव, रूद्र विनायक यादव, सरोज यादव, लखनऊ के पूर्व जिलाध्यक्ष अशोक यादव सहित हजारों सपा कार्यकर्ता शामिल हुए। लखनऊ के अलावा प्रदेश में अलग-अलग जगहों पर सपा कार्यकर्ताओं ने मुलायम सिंह का 81 जन्मदिन मनाया।






एक टिप्पणी भेजें
please do not comment spam and link