लखनऊः मानसूनी के अन्तिम पड़ाव में हुई बारिश से फसलें बर्बाद हो गई हैं। इसका असर सबसे ज्यादा प्याज की नई फसल पर पड़ा है। इससे महंगाई बढ़ सकती है। मुंबई महानगर में प्याज का भाव आसमान छूने लगा है। माना जा रहा है कि दीपावली त्योहार तक प्याज फिर लोगों को रुलाएगा।
महाराष्ट्र के नासिक की प्याज मंडी में ज्याज की कमीं देखी जा रही है। नया प्याज न आने से पुराने प्याज का भाव बढ़ रहा है। नासिक जिले की प्याज मंडियों में पांच दिन पहले प्याज की कीमत प्रतिक्विंटल अधिकतम 4300 रुपए थी जो अब 9700 के पार पहुंच गई है। व्यापारियों का मानना है कि प्याज के दामों में बृद्धि की यह स्थिति अक्तूबर के आखिर तक कायम रहेगी। बताया जा रहा है कि महाराष्ट्र में होटल और रेस्टोरेंट शुरू होने से भी प्याज की मांग बढ़ गई है।
वहीं केरल, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और कर्नाटक में पुराने प्याज की मांग बढ़ी है। हर साल नवंबर माह में प्याज की नई फसल तैयार हो जाती है लेकिन इस बार बारिश होने से नए प्याज की आवक में समय लगेगा। जिसके चलते अब दिसंबर माह में ही नई प्याज बाजार में आ सकेगी। तब तक पुराने प्याज के भाव में तेजी बरकरार रहेगी।
नवी मुंबई एपीएमसी मार्केट में कम प्याज आने से भाव पर नियंत्रण कठिन हो रहा है। मुंबई में 70 रुपए से लेकर 90 रुपए प्रतिकिलो प्याज बिक रहा है। इस दौरान ईरान से 600 टन प्याज मंगाई गई है जिसमें से 25 टन प्याज नवी मुंबई की मंडी में पहुंच चुकी है इस पर भी प्याज के दाम में गिरावट नहीं दिखाई दे रही है।

एक टिप्पणी भेजें
please do not comment spam and link