फिरोजाबाद के टूंडला विधानसभा उपचुनाव से पहले भाजपा नेता की गोली मारकर हत्या, पीएसी तैनात

 वारदात से आक्रोशित व्यापारियों ने एटा मार्ग पर जाम लगा दिया, पुलिस और पीएसी को तैनात

लखनऊः फिरोजाबाद के टूंडला विधानसभा उपचुनाव से पहले शुक्रवार रात लगभग आठ बजे बाइक सवार बदमाशों ने भाजपा नेता को ताबड़तोड़ गोलियाें से छलनी कर दिया। गंभीर रूप से घायल भाजपा नेता को आगरा के निजी अस्पताल में चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घटना को अंजाम देने के बाद बेखौफ बदमाश हवा में असलहा लहराते हुए फरार हो गए। वारदात से आक्रोशित व्यापारियों ने एटा मार्ग पर जाम लगा दिया। स्थिति को देखते हुए इलाके में पुलिस और पीएसी को तैनात किया गया है। 


 थाना नारखी के नगला बीच निवासी दयाशंकर गुप्ता उर्फ डीके 42 पुत्र शांति स्वरूप गुप्ता की टूंडला में मुख्य मार्ग पर बिल्डिंग मैटेरियल और परचून की दुकान है। वह भाजपा मंडल उपाध्यक्ष थे। शुक्रवार दोपहर वह भाजपा प्रत्याशी प्रेमपाल धनगर के नामांकन में भाग लेने के लिए टूंडला आए थे। उन्होंने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह की बैठक में भाग लिया था। शाम को अपने प्रतिष्ठान पहुंचकर कामकाज किया। 


रात तकरीबन आठ बजे दयाशंकर अपने प्रतिष्ठान को बंद करा रहे थे। इसी बीच वहां अपाचे बाइक पर सवार तीन बदमाश आए। उन्होंने आते ही उनके ऊपर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। गोलियां लगते ही भाजपा नेता गिर पड़े। उन्हें गंभीरावस्था में जिला अस्पताल ले गए। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें आगरा रेफर कर दिया। परिवारीजन उन्हें आगरा के निजी अस्पताल ले गए। जहां चिकित्सकों ने उनकी जांच करते हुए मृत घोषित कर दिया। आक्रोशित व्यापारियों ने टूंडला-एटा मार्ग पर जाम लगा दिया। पुलिस ने जाम खुलवाने का प्रयास किया तो परिवारीजनों ने हंगामा कर दिया। 


वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सचिंद्र पटेल ने बताया कि नगला बीच में दयाशंकर गुप्ता को अज्ञात लोगों ने गोली मार दी। उन्हें उपचार के लिए आगरा के भेजा गया, जहां उनकी मौत हो गई। मृतक के परिवारीजनों ने कुछ लोगों के नाम बताए हैं। हत्या का कारण रंजिश बताया जा रही है। पुलिस जांच कर रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। 


Post a Comment

please do not comment spam and link

और नया पुराने