अब लालू यादव 24 घंटे तीन मजिस्ट्रेट की निगरानी में रहेंगे। रिम्स में पार्टी के नेताओं से नहीं मिल पाएंगे। इसके लिए मजिस्ट्रेट रखेंगे कड़ी नजर। मजिस्ट्रेट की तैनाती रिम्स रांची के 1 केली बंगला में की गई है। जहां पर लालू यादव को रखा गया है। तीनों ही मजिस्ट्रेट तीन अलग-अलग शिफ्ट में काम करेंगे। जेल मैनुअल का उल्लंघन करना राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के प्रमुख लालू प्रसाद यादव को महंगा पड़ गया है।
वहीं 1 केली बंगले की सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है। बाहरी लोगों को अंदर आने की इजाजत अब नहीं मिलेगी। बिना अनुमति के बिहार से आने वालों को इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा। उन्हें जबरन 14 दिनों के लिए क्वारनटीन में रखा जाएगा। रांची के डीसी छवि रंजन ने इसको लेकर रांची के एसएसपी को निर्देश दिए हैं।
उन्होंने बिहार से बिना सरकारी परमिशन के झारखंड आने वाले लोगों को सरकारी क्वारनटीन में रखने के निर्देश दिए हैं। लालू की राजनीतिक कार्यकर्ताओं से लगातार हो रही मुलाकात पर जेल के आईजी ने संज्ञान लेते हुए डीसी को पत्र लिखा था। पत्र में जेल आईजी बीरेंद्र भूषण ने कहा था कि लालू यादव जेल मैनुअल का लगातार उल्लंघन कर रहे हैं। पत्र में लालू की सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों पर भी जेल मैनुअल के उल्लंघन का आरोप लगाया गया था। इसको लेकर मजिस्ट्रेट की नियुक्ति करने को कहा गया था।
रांची के रिम्स का डायरेक्टर बंगला आरजेडी का मुख्यालय बन गया था। सैकड़ों लोग जेल मैनुअल और आपदा प्रबंधन के दिशा-निर्देशों का उल्लंघन कर बिहार चुनाव के लिए टिकट की चाहत में लालू यादव से मिल रहे थे। इस मुद्दे पर बीजेपी लगातार राज्य की हेमंत सरकार पर हमलावर थी।

एक टिप्पणी भेजें
please do not comment spam and link